दुर्ग जिले के पाटन में स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई. हादसा 19 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे महामाया चौक से आगे अमलेश्वर रोड पर सुलभ शौचालय के पास हुआ.
मृतकों की पहचान ग्राम भुरकुनी निवासी द्रोणाचार्य साहू और उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू के रूप में हुई है. बताया गया है कि दोनों ग्राम कौही में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार, सामने से आ रही स्कूल बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने के बाद डायल 112 की मदद से उन्हें पाटन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने द्रोणाचार्य साहू को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल तामेश्वरी साहू को आगे के उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर जांच जारी है. हादसे में शामिल वाहनों की पहचान बाइक नंबर CG04QN7116 और बस नंबर CG04-RC-1135 के रूप में दी गई है.
