जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में मंगलवार सुबह बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान करंट फैलने से दो मजदूरों की मौत हो गई. हादसे में पांच अन्य मजदूर भी प्रभावित हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है. घटना गुडलक पेट्रोल पंप के सामने हुई.

मृतकों की पहचान आलेख भगत और टामन ध्रुव के रूप में हुई है. त्रिभुवन ध्रुव और लोचन मांझी गंभीर रूप से झुलसे हैं, जबकि तीन अन्य मजदूरों की हालत सामान्य बताई गई. सभी घायलों को पत्थलगांव सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों को भर्ती कराया गया.

11 केवी लाइन से टकराया लोहे का पोल

मजदूर ट्रैक्टर की मदद से पुराने पोल की जगह नया लोहे का पोल खड़ा कर रहे थे. इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से छू गया. लाइन के संपर्क में आते ही पोल में करंट फैल गया और वहां मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए. सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची.

हादसे के बाद बिजली लाइन बंद होने और काम के लिए परमिट लिए जाने को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं. घायल मजदूरों का कहना है कि मौके पर मौजूद लाइनमैन ने परमिट लिए जाने और बिजली बंद होने की जानकारी दी थी. वहीं, पत्थलगांव के सहायक अभियंता केके देशमुख के अनुसार, परमिट के लिए विभाग को कोई सूचना नहीं दी गई थी. उन्होंने मामले की जांच की बात कही है.

मजदूरों ने पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है. ठेकेदारों के रूप में रामसिंग साहू और सौरभ अग्रवाल के नाम सामने आए हैं, लेकिन उनका पक्ष उपलब्ध नहीं है.

पत्थलगांव एसडीएम क्षितिज गुरभेले ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने दो मौतों की पुष्टि की. जांच में बिजली आपूर्ति, परमिट प्रक्रिया और सुरक्षा नियमों के पालन की स्थिति देखी जा रही है.