बालोद. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीपरछेड़ी में छात्र संघ ने शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया. कार्यक्रम में सेवानिवृत्त व्याख्याता उभय लाल देशमुख मुख्य अतिथि रहे, जबकि हेमंत कुमार चौधरी और संजय कुमार देशमुख विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए.
छात्र संघ के पदाधिकारियों ने अतिथियों का शॉल और श्रीफल भेंटकर स्वागत किया. विद्यालय के शिक्षकों को पुष्पगुच्छ, गुलाल और बैज लगाकर लेखनी भेंट की गई. विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और कविता के माध्यम से उनके व्यक्तित्व व योगदान को सामने रखा.
शिक्षा और संस्कार पर जोर
प्राचार्य एमएल सार्वा ने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी की तरह होते हैं. उनके अनुसार, जिस तरह कुम्हार मिट्टी को आकार देकर सुंदर स्वरूप देता है, उसी तरह शिक्षक बच्चों को ज्ञान और संस्कार देकर बेहतर इंसान बनाते हैं.
कार्यक्रम में स्पर्श संस्था की जिला टीम ने भी भाग लिया. मुख्य अतिथि उभय लाल देशमुख ने विद्यालय के संचालन, अनुशासन और शिक्षा व्यवस्था पर विचार रखे. उन्होंने रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद के प्रसंग सुनाते हुए विद्यार्थियों से तार्किक सोच विकसित करने की अपील की.
देशमुख ने नवनिर्मित भवन के प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी लगवाने की बात भी कही. आमबाई साहू ने शिक्षकों के सम्मान में गीत प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का संचालन शाला नायक ईश्वर कुमार, डुपेंद्र कुमार और नेहा ने किया. छात्र सौरभ कुमार ने आभार व्यक्त किया.
