गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रा पुलिस ने यात्री बस से 245 किलोग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, गांजा 49 पैकेटों में रखा था. कार्रवाई के दौरान बस के ड्राइवर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये है. इसके अलावा करीब 50 लाख रुपये कीमत की यात्री बस और आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. मोबाइल फोन की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस ने कुल जब्ती का मूल्य लगभग 1 करोड़ 73 लाख 10 हजार रुपये आंका है.

गुप्त सूचना पर बस की तलाशी

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर थाना पेंड्रा की टीम ने जगुआर ट्रेवल्स की 44 सीटर टाटा स्लीपर बस को रोका. बस का नंबर OD30D0606 बताया गया है. तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेटों में गांजा मिला. कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार हिंडिया और भीमसेन केवट के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, मलकानगिरी, ओडिशा निवासी दिलीप ने पूछताछ में खुद को बस का मालिक और चालक बताया. वहीं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र का निवासी भीमसेन कटघोरा से बस में सवार हुआ था और चालक को आगे का रास्ता बता रहा था.

पुलिस का कहना है कि गांजा मलकानगिरी से बोरई, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, पाली, कटघोरा और पसान के रास्ते पेंड्रा लाया जा रहा था. इसे आगे कोरबा और आसपास के इलाकों में पहुंचाने की तैयारी थी. दोनों आरोपियों के खिलाफ पेंड्रा थाने में NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है. पुलिस अब कथित सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.