छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में तीन दिनों के भीतर तीन युवतियों और एक 17 वर्षीय किशोर के लापता होने की शिकायतें सामने आई हैं. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने चारों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ग्राम सेंवरा निवासी 19 वर्षीय खुशबू मरावी 23 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे अमरपुर स्थित डॉक्टर भंवर सिंह पोर्ते कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थीं. वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं और इसके बाद घर नहीं लौटीं. इसी कॉलेज में पढ़ने वाली ग्राम अड़भार निवासी 20 वर्षीय रोशनी भी 23 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे घर से निकलने के बाद लापता हैं.
ग्राम नवागांव निवासी 17 वर्षीय छवि प्रसाद चौधरी 22 नवंबर को सुबह करीब 9:30 बजे काम पर जाने के बाद वापस नहीं लौटे. वहीं, ग्राम बारीउमराव निवासी 20 वर्षीय गीता उद्दे 19 नवंबर से लापता हैं. उनके पिता के खेत से लौटने पर घर में ताला लगा मिला और गीता का पता नहीं चला.
परिजनों ने चारों मामलों में अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका जताई है. पुलिस का कहना है कि मामलों की विवेचना की जा रही है और लापता लोगों की तलाश जारी है. लगातार सामने आए इन मामलों से क्षेत्र के परिजन और स्थानीय लोग चिंतित हैं.
