छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर टाटा मैजिक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. हादसा पेंड्रा नगर पालिका क्षेत्र में नया बस स्टैंड के आगे हुआ. टक्कर के बाद मैजिक वाहन का चालक मौके से फरार हो गया.
मृतक की पहचान ज्योतिपुर निवासी आशीष माइकल के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आशीष रिवॉल्विंग चेयर रिपेयरिंग का काम करते थे. वह काम के सिलसिले में ज्योतिपुर से पेंड्रा आए थे. एक दुकान में कुर्सी की मरम्मत करने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे टाटा मैजिक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर में आशीष के सिर में गंभीर चोट आई. दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग की खराब स्थिति और पेंड्रा बाईपास का निर्माण अधूरा रहने पर नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं.
स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने, बाईपास निर्माण से जुड़ी बाधाएं दूर करने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है. उनका दावा है कि बाईपास का निर्माण पूरा होने से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम हो सकता है.
