छत्तीसगढ़ के पेंड्रा ब्लॉक स्थित नवागांव में कांग्रेस की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मंडल स्तरीय जन चौपाल आयोजित की गई. कार्यक्रम में ग्रामीणों के साथ लोकतंत्र, संविधान और मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई.
वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी आवाज और लोकतांत्रिक अधिकार है. उन्होंने मतदाता सूची तैयार होने से लेकर मतदान तक की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने की जरूरत बताई.
कार्यक्रम में AICC सचिव और छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी जरिता लैतफलांग, आदिवासी कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक अर्चना पोरते, पूर्व विधायक डॉ. केके ध्रुव और जिला अध्यक्ष गजमती भानु शामिल हुईं. कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण भी मौजूद रहे.
चर्चा में आदिवासी समाज, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के मताधिकार तथा लोकतांत्रिक भागीदारी पर जोर दिया गया. ग्रामीणों ने अपने विचार साझा किए और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में भागीदारी का संकल्प लिया.
आयोजकों ने लोगों से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और वोट की गरिमा बनाए रखने की अपील की. कार्यक्रम में ‘न वोट बंटने देंगे, न वोट का अधिकार छिनने देंगे’ का संदेश हर गांव, बूथ और नागरिक तक पहुंचाने की बात कही गई.
