छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेण्ड्रा में प्राच्य संस्कृत विद्यालय संघ ने संस्कृत भाषा और शिक्षा के संरक्षण, संवर्धन तथा प्रचार-प्रसार को लेकर सरकार के सामने 10 सूत्रीय मांगें रखीं. इस संबंध में जिला प्रेस क्लब भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई.
पत्रकार वार्ता में संस्कृत बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद, रामजी श्रीवास, विजया उर्मलिया और संघ के अन्य सदस्य मौजूद रहे. स्वामी परमात्मानंद ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृत पाठशालाओं में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है. उत्तर मध्यमा तक संस्कृत शिक्षा प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं. उन्होंने संस्कृत शिक्षा की मौजूदा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई.
गुरुकुल के रूप में विकसित करने की मांग
संघ ने गैर-अनुदान प्राप्त संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानजनक आर्थिक सहयोग देने की मांग की. संस्कृत पाठशालाओं को गुरुकुल के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई.
इसके अलावा संस्कृत के व्यापक प्रचार-प्रसार, महाविद्यालयों में संस्कृत विषय शुरू करने और संस्कृत विद्यामण्डलम की अनुदान राशि बढ़ाने की मांग की गई. संघ ने संस्कृत संभाषण प्रशिक्षण को बढ़ावा देने तथा सांस्कृतिक और साहित्यिक आयोजनों के लिए सहयोग देने की बात भी कही.
मांगों में संस्कृत अध्यापकों के निरंतर प्रशिक्षण, विद्वानों से मार्गदर्शन और प्रदेश में नए संस्कृत विद्यालय खोलने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना भी शामिल है. विजया उर्मलिया ने कहा कि संस्कृत को कठिन भाषा के बजाय सरल और सहज भाषा के रूप में लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है.
