छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा की 35 वर्षीय शबनम बी ने अपने पति समीर खान के खिलाफ तीन तलाक देने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है. पेंड्रा पुलिस ने जीरो FIR दर्ज कर केस डायरी आगे की कार्रवाई के लिए शहडोल पुलिस को भेज दी है.
शिकायत के अनुसार, शबनम की शादी 26 अप्रैल 2010 को शहडोल निवासी समीर खान से हुई थी. दोनों की 13 साल की बेटी है. महिला ने बताया कि 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे शहडोल स्थित ससुराल में उसके पति ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद तीन बार ‘तलाक’ कहकर उसे घर से बाहर निकालने का आरोप है.
महिला के मुताबिक, घटना के समय पड़ोसी अशरफ खान समेत कुछ लोग वहां मौजूद थे और उन्होंने बीच-बचाव किया. इसके बाद वह डरकर अपने मायके पेंड्रा लौट आई. उसने शुरुआत में सामाजिक बदनामी के डर से किसी को जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में अपने जीजा अब्दुल सलाम को घटना बताई.
महिला का दावा है कि उसके जीजा ने फोन पर समीर से बात की, जिसमें पति ने तीन तलाक देने की बात स्वीकार की. शबनम ने इस बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही है.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296 और 351(3) तथा मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच और आगे की कार्रवाई अब शहडोल पुलिस करेगी.
