राजिम के पितईबंद स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छत्तीसगढ़ का पारंपरिक लोकपर्व पोला उत्साह के साथ मनाया गया. विद्यालय परिसर में नंदी बैल यानी पोला जांत और मिट्टी के खिलौनों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया. विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा कृषि संस्कृति के प्रति आभार व्यक्त किया.

पूजन के बाद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई प्रतियोगिताएं कराई गईं. मटका फोड़ प्रतियोगिता में नोमिता ने पहला, भारती ने दूसरा और यामिनी ने तीसरा स्थान हासिल किया. चम्मच दौड़ में नोमिता प्रथम, पुष्पेंद्र द्वितीय और भारती तृतीय रहे.

कुर्सी दौड़ के बालक वर्ग में खोमन प्रथम, वंश द्वितीय और सूर्य प्रकाश तृतीय रहे. बालिका वर्ग में गोपिका ने पहला, गीत ने दूसरा और जया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. विद्यालय की ओर से सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया.

मटका फोड़ प्रतियोगिता विद्यार्थियों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रही. आंखों पर पट्टी बांधकर प्रतिभागियों ने मटका फोड़ने का प्रयास किया. इस दौरान तालियों और उत्साहवर्धक नारों से विद्यालय परिसर गूंजता रहा. कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पाठक चंद्रप्रभा सोनवानी, आशा ध्रुव और शिक्षक सुनील कुमार पाण्डेय व सुनील कुमार कौशिक का योगदान रहा.