छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. हादसा पिथौरा थाना क्षेत्र में सूखा नाला के पास हुआ. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक आगे चल रही कार से पीछे से टकरा गई.

मृतकों की पहचान ग्राम बरतुंगा निवासी भूपेन्द्र ध्रुव (22) और राकेश ध्रुव (23) के रूप में हुई है. बताया गया है कि दोनों युवक रात में खाना खाने के बाद पल्सर बाइक से घूमने निकले थे. इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर कार से जा टकराई.

हादसे की सूचना मिलने पर टोल प्लाजा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिथौरा ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

सूचना मिलने के बाद पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों और टक्कर से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है. दो युवकों की मौत की खबर से ग्राम बरतुंगा में शोक का माहौल है.