प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 8 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करनपुर स्थित CoBRA ऑपरेशंस बेस पर सुरक्षा बलों के साथ दीपावली मनाई. इस दौरान उन्होंने कहा कि जंगलों में सक्रिय हथियारबंद नक्सली खत्म हो चुके हैं, लेकिन खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है.
मोदी ने आरोप लगाया कि ‘दिमागी नक्सल’ कई राजनीतिक दलों और संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं. उनके मुताबिक, ऐसे तत्व लोगों को संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने इन्हें पहचानने और पराजित करने की जरूरत बताई.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की दीपावली करीब पांच दशक लंबे संघर्ष के बाद देश के लिए ऐतिहासिक है. उनके अनुसार, यह पहली दीपावली है जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है. मोदी ने इस उपलब्धि का श्रेय सुरक्षा बलों के साहस, बलिदान और अनुशासन को दिया.
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने 47 वर्षों में पहली बार अभियान ड्यूटी के दौरान बिना किसी जवान को खोए एक पूरा वर्ष पूरा किया है. उन्होंने सुरक्षा अभियानों के साथ विकास कार्यों को भी इस बदलाव का आधार बताया.
