प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर जा रहे हैं. यहां वह सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे और उनका हौसला बढ़ाएंगे. बस्तर को लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित क्षेत्र के रूप में देखा जाता रहा है.
बस्तर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सुरक्षा बलों के साथ त्योहार मनाने की जानकारी साझा करते हुए जवानों के बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन किया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उन वीर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने बस्तर जा रहे हैं, जिनकी सेवा और बलिदान देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण है. उन्होंने यह भी कहा कि जहां पहले नक्सलियों का कहर था, वहां अब विकास की प्रगति दिखाई दे रही है.
एक अन्य संदेश में प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी तारीफ की. फडणवीस ने नागपुर जिले के नरखेड़ क्षेत्र के लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाई और अरुणाबाई तथा रामभाऊ बालपांडे के घर ठहरे. प्रधानमंत्री ने इस पहल को किसानों के प्रति करुणा और कल्याण की भावना से जुड़ा बताया.
