प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली मनाने के लिए छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने करनपुर स्थित CRPF कैंप में जवानों के साथ दीपावली मनाई. बस्तर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर की धरती पर प्रधानमंत्री का स्वागत करना उनके लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति विशेष स्नेह और आत्मीय लगाव रहा है.

सीएम के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बस्तर भय और हिंसा के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने बस्तर में हो रहे बदलावों को प्रधानमंत्री के नेतृत्व का परिणाम बताया.

जवानों के बीच दीपावली मनाने का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री की वीर जवानों के बीच मौजूदगी उनके साहस, त्याग और समर्पण के सम्मान का प्रतीक है. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री का जवानों के साथ दीपावली मनाना उनका मनोबल बढ़ाएगा.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन राज्य को शांति, समृद्धि और विकास के पथ पर आगे बढ़ाता रहे.