प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई. करनपुर में जवानों से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद की पीड़ा झेलने वाला यह क्षेत्र अब शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है.
प्रधानमंत्री ने जवानों की निष्ठा और बलिदान को नक्सल आतंक के अंत में महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में नक्सलवाद के खात्मे के बाद यह पहली दीपावली है. मोदी ने वर्ष 2026 की दीपावली को ऐतिहासिक बताते हुए दावा किया कि देश ने माओवादी आतंक के खिलाफ निर्णायक सफलता हासिल की है और अब कोई भी जिला नक्सलवाद की चपेट में नहीं है.
जवानों की भूमिका को बताया निर्णायक
प्रधानमंत्री के अनुसार, वर्ष 2014 के बाद सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति, स्पष्ट रणनीति और सुरक्षा बलों के अभियानों से स्थिति बदली. उन्होंने कहा कि पहले इस समस्या को असाध्य मानकर छोड़ दिया गया था, जबकि अब करोड़ों भारतीय नक्सलवाद के डर से मुक्त हुए हैं.
मोदी ने यह भी कहा कि बीते 47 वर्षों में यह पहला अवसर है, जब पूरे एक साल ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का कोई जवान शहीद नहीं हुआ. उन्होंने वर्ष 2004 से 2013 के बीच की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में नक्सली हिंसा में जवानों की बड़ी संख्या में शहादत होती थी.
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2010 की दंतेवाड़ा घटना को भी याद किया, जिसमें नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान 76 जवान शहीद हुए थे. उन्होंने बताया कि उसी वर्ष 44 नागरिकों की भी जान गई थी. मोदी ने कहा कि नक्सलियों की हिंसा के कारण लोगों का मतदान का अधिकार तक प्रभावित हुआ था और एक समय हमलों की संख्या सालाना 2,000 तक पहुंच गई थी.
उन्होंने देश के भीतर तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भूमिका को सीमा पर तैनात सेना जितना ही महत्वपूर्ण बताया. प्रधानमंत्री ने देशभर में ड्यूटी कर रहे सुरक्षाकर्मियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके त्याग के लिए 140 करोड़ देशवासियों की ओर से आभार जताया.
प्रधानमंत्री वर्ष 2014 से दीपावली पर सीमा या दुर्गम क्षेत्रों में तैनात जवानों के बीच जाते रहे हैं. इस बार बस्तर में उनका कार्यक्रम वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ सुरक्षा अभियानों की पृष्ठभूमि में हुआ.
