प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पांच पुरस्कार मिले हैं. शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया.

छत्तीसगढ़ को इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान भी मिला. राज्य की ओर से उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने दोनों पुरस्कार ग्रहण किए. समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे.

तीन नगरीय निकाय भी सम्मानित

डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका परिषद ने एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में देश में पहला स्थान प्राप्त किया. इसी श्रेणी में दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद दूसरे स्थान पर रही. एक लाख से 10 लाख आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला.

इस तरह राज्य के दो पुरस्कारों के अलावा बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और बिलासपुर के सम्मान को मिलाकर छत्तीसगढ़ के खाते में कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार आए. उपलब्धियों को पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन, संस्थागत ऋण और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों से संबंधित बताया गया है.