आंध्र प्रदेश में बन रही पोलावरम बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजना को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने विरोध जताया है. जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा और आदिवासी कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर परियोजना के संभावित प्रभावों का नए सिरे से आकलन कराने की मांग की.

कांग्रेस के ज्ञापन में कहा गया है कि पोलावरम बांध के बैकवाटर से सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के सैकड़ों आदिवासी गांव प्रभावित हो सकते हैं. पार्टी ने आशंका जताई कि इससे खेती की जमीन, मकान और वनभूमि के साथ आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत पर भी असर पड़ सकता है.

पुनर्वास नीति बनने तक निर्माण रोकने की मांग

कांग्रेस ने संभावित डूब क्षेत्र का दोबारा सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों के लिए ठोस पुनर्वास व मुआवजा नीति तैयार होने तक बांध का निर्माण रोकने की मांग की है. ज्ञापन में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप और पात्र लोगों को वन अधिकार पट्टा देने की मांग भी शामिल है.

बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि परियोजना से आदिवासी समुदाय को सबसे अधिक नुकसान होने की आशंका है. उन्होंने दावा किया कि बांध बनने से दोरला जनजाति के अस्तित्व पर गंभीर संकट आ सकता है. मंडावी ने कहा कि प्रभावित लोगों की समस्या का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी.

ज्ञापन में जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई, स्थानीय रोजगार, बेरोजगारी भत्ता और गांवों से स्मार्ट मीटर हटाकर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसी मांगें भी रखी गई हैं. कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से आदिवासी हितों को ध्यान में रखते हुए परियोजना के प्रभावों का पुनर्मूल्यांकन करने की अपील की है.