छत्तीसगढ़ के भिलाई की प्रतिभा बंसोड़ ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन में नई ट्रेनों के उद्घाटन संचालन का रिकॉर्ड बनाया है. वह जोन की पहली महिला लोको पायलट बन गई हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग मौकों पर उद्घाटन के बाद नई ट्रेन को चलाकर यात्रियों को सफर कराया.

प्रतिभा ने पहली बार 1 फरवरी 2016 को गुदुम से उद्घाटित ट्रेन का संचालन किया था. इसके बाद 14 अप्रैल 2018 को उन्होंने भानुप्रतापपुर से ट्रेन चलाई. अब रावघाट स्टेशन से शुरू हुई नई ट्रेन का संचालन कर उन्होंने यह उपलब्धि तीसरी बार हासिल की है.

रावघाट स्टेशन पर दोपहर 3:01 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई. दिल्ली से रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, रायपुर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और आयोजन स्थल से सांसद भोजराज नाग ने उद्घाटन किया. इसके बाद प्रतिभा ने हॉर्न बजाकर ट्रेन को दुर्ग की ओर रवाना किया. उनके साथ सहायक लोको पायलट मनोज बंड मौजूद थे.

प्रतिभा के अनुसार, 2016 में गुदुम से ट्रेन चलाने के समय क्षेत्र नक्सल प्रभावित था. कड़े प्रशिक्षण, सुरक्षा बलों की तैनाती और अधिकारियों के भरोसे से उनका आत्मविश्वास बढ़ा. 2018 में भानुप्रतापपुर से चलने वाली ट्रेन में स्टेशन मास्टर से लेकर टिकट निरीक्षक तक पूरा संचालन दल महिलाओं का था. उन्होंने रावघाट से ट्रेन चलाने का अवसर अधिकारियों के भरोसे और मार्गदर्शन का परिणाम बताया.