राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगी. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 22 अक्टूबर को सुबह 11:20 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे. इसके बाद राष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोकभवन पहुंचेंगी.
राष्ट्रपति माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी. शाम चार बजे वह इंडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होंगी. इसके बाद उनका लोकभवन में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है.
23 अक्टूबर को राष्ट्रपति सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी. दोपहर 12:45 बजे वह मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी. इसके बाद उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है.
राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास को देखते हुए जगदलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की. लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को राष्ट्रपति के संबोधित करने की भी जानकारी दी गई है.
