राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंच गई हैं. दौरे के पहले दिन वे लोक भवन में पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेंगी. इसके बाद राष्ट्रपति बुढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुवाखाई पर्व पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी.

इस कार्यक्रम में करीब चार हजार युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है. राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और रायपुर शहर के चारों विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने लोक भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है.

23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी. इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार और सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी.

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जगदलपुर में प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं. वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा आम नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं.