राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर आएंगी. उनके दौरे की तैयारियों को लेकर रायपुर स्थित लोकभवन में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई.
राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रपति के लोकभवन प्रवास के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. अधिकारियों को सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की उपलब्धता पर चर्चा हुई. इसके अलावा चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और प्रोटोकॉल के तहत वाहनों की व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए.
अधिकारियों से कहा गया कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें. बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
