राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को एकदिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचेंगी. प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी. इसके अलावा राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगी.

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जगदलपुर में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं. वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान मंच और बैठक व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित दीर्घा, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन तथा आम नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लिया गया. मंत्री कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए.

कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति के दौरे के दौरान मुरिया दरबार और लालबाग मैदान की आमसभा प्रमुख कार्यक्रम होंगे. सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है.