राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को रायपुर आएंगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे शदाणी दरबार की पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर लोकभवन में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी. रायपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति के दोपहर 12:15 बजे लोकभवन जाने का कार्यक्रम है.

इसके बाद वे इंडोर स्टेडियम में भाजपा के सेवा महाकुंभ के तहत आयोजित रक्तदान महाकुंभ में शामिल होंगी. आयोजन में करीब 1,100 लोगों के रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है. राष्ट्रपति यहां संबोधन भी देंगी. इसके बाद उनके जगन्नाथ मंदिर जाने और शाम को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित रात्रिभोज में शामिल होने का कार्यक्रम है. रात्रिभोज में मंत्रियों और सांसदों के शामिल होने की संभावना बताई गई है.

शुक्रवार को जगदलपुर जाएंगी

कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति शुक्रवार को एकदिवसीय दौरे पर जगदलपुर जाएंगी. वहां वे बस्तर दशहरे की परंपरा से जुड़े सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी. इसके अलावा लालबाग मैदान में होने वाली आमसभा को भी संबोधित करेंगी.

चांदी समेत चार धातुओं से बनेगा सिक्का

स्मारक सिक्का गोलाकार होगा. इसका वजन 35 ग्राम और व्यास 44 मिलीमीटर बताया गया है. इसमें 50% चांदी, 40% तांबा, 5% निकल और 5% जस्ता होगा. एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और उसके नीचे ‘सत्यमेव जयते’ अंकित रहेगा. दूसरी तरफ माता साहिब हासी देवी का चित्र होगा और उनका नाम देवनागरी तथा अंग्रेजी, दोनों लिपियों में लिखा रहेगा.