रायपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ के उन युवाओं की सराहना की, जो माओवाद का रास्ता छोड़कर राष्ट्रीय मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों के साथ युवाओं की अपनी इच्छाशक्ति भी इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.

राष्ट्रपति गुरुवार, 22 अक्टूबर को नुआखाई पर्व के अवसर पर सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में दशकों से प्रभावी रहा माओवाद एक भटकाव का रास्ता था. युवाओं के मुख्यधारा में लौटने से केवल उन्हें और उनके परिवारों को लाभ नहीं मिल रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ और देश के विकास की गति भी तेज हो रही है.

युवाओं से ईमानदारी और सेवा का आह्वान

राष्ट्रपति ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में उनकी बड़ी भूमिका होगी. उन्होंने युवाओं से ज्ञान के साथ विनम्रता, महत्वाकांक्षा के साथ नैतिकता और सफलता के साथ सेवा-भाव अपनाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने, अपनी दृष्टि व्यापक बनाने और आचरण के ऊंचे मानक बनाए रखने चाहिए. समाज, देश और साथी नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता को भी जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है.

मुर्मू ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़े फैसलों से नहीं होता, बल्कि लाखों नागरिकों के छोटे और ईमानदार प्रयास भी इसमें योगदान देते हैं. उन्होंने युवाओं को हर काम ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता से करने का संदेश दिया.

इससे पहले रायपुर स्थित लोक भवन में राष्ट्रपति ने सिंधी आध्यात्मिक नेता माता साहिब हसी देवी जी के सम्मान में ₹200 का स्मारक सिक्का जारी किया. यह सिक्का शदाणी दरबार की पांचवीं आध्यात्मिक प्रमुख माता हसी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने जारी किया है.