राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय रायपुर प्रवास के दौरान शहर की 13 से ज्यादा सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा. माना एयरपोर्ट से लोकभवन, बूढ़ापारा स्थित इनडोर स्टेडियम, गायत्री नगर के जगन्नाथ मंदिर और नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास तक काफिले की आवाजाही के समय प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोका जाएगा.

यातायात व्यवस्था के तहत काफिले के पहुंचने से करीब 25 से 30 मिनट पहले रास्ते बंद किए जाएंगे. काफिला गुजरने के 10 से 15 मिनट बाद मार्गों को फिर से खोलने की व्यवस्था रहेगी. इस दौरान शहर में 30 हजार से ज्यादा लोगों की आवाजाही प्रभावित होने का अनुमान है. शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आशंका है.

राष्ट्रपति का कार्यक्रम और प्रभावित मार्ग

राष्ट्रपति गुरुवार दोपहर 12:15 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगी. वहां से वीआईपी रोड, फुंडहर चौक, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ओवरब्रिज, एसआरपी चौक और पुराने पुलिस मुख्यालय के रास्ते लोकभवन जाएंगी. इस रूट पर दोपहर 12 से 1 बजे के बीच यातायात प्रभावित रहेगा. करीब 14 किलोमीटर लंबे मार्ग के दोनों ओर रहने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है.

दोपहर 3 बजे राष्ट्रपति लोकभवन से बूढ़ापारा स्थित इनडोर स्टेडियम जाएंगी. काफिला सिविल लाइंस, काली मंदिर, ओसीएम चौक, महिला थाना, निगम मुख्यालय, सप्रे शाला और श्याम टॉकीज होकर जाएगा. दोपहर 3 से 5 बजे तक करीब ढाई किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रहेगी. वापसी के दौरान भी यही व्यवस्था लागू होगी.

शाम 7 से रात 9 बजे के बीच लोकभवन से कलेक्टोरेट चौक, गौरवपथ और शंकर नगर होते हुए गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर जाने का कार्यक्रम है. इसके बाद काफिला शंकर नगर एक्सप्रेस-वे, फुंडहर चौक, वीआईपी रोड और माना एयरपोर्ट होकर नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेगा. भोजन के बाद लौटते समय भी एयरपोर्ट होकर शहर आने वाले मार्ग पर यातायात रोका जाएगा. इस रूट पर करीब 21 किलोमीटर क्षेत्र में दो बार आवाजाही प्रभावित होगी.

सुरक्षा व्यवस्था में 2 हजार से ज्यादा जवान

राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 2 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था में 3 आईजी, 6 डीआईजी और 10 एसपी रैंक के अधिकारियों समेत 100 से ज्यादा अधिकारी शामिल रहेंगे. पुलिस मुख्यालय, बटालियन और दूसरे शहरों से भी पुलिस बल बुलाया गया है.

राष्ट्रपति अगले दिन सुबह 9 बजे बस्तर रवाना होंगी. शाम को रायपुर लौटने के बाद उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम बताया गया है.