रायपुर. पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) से संबद्ध कॉलेजों में सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया चलने और दिसंबर में प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है. इसका असर बीए और बीएससी के परीक्षा परिणामों पर पड़ा है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों में केवल 34 से 35 प्रतिशत विद्यार्थी ही उत्तीर्ण हो पा रहे हैं.
छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत शैक्षणिक सत्र 2024-25 से सेमेस्टर प्रणाली लागू है. प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश सितंबर तक जारी रहता है, जबकि परीक्षाएं दिसंबर में शुरू हो जाती हैं. ऐसे में विद्यार्थियों को लगभग दो महीने में पूरे सेमेस्टर का पाठ्यक्रम पढ़ना पड़ता है. रविवार, जयंती और त्योहारों की छुट्टियों के कारण वास्तविक पढ़ाई का समय करीब एक महीने तक सिमट जाता है.
NEP के तहत हुई पहली सेमेस्टर परीक्षा में बीए के 65 प्रतिशत और बीएससी के 66 प्रतिशत विद्यार्थियों का परिणाम ATKT रहा. दूसरे वर्ष में भी बीए के 56 प्रतिशत और बीएससी के 52 प्रतिशत विद्यार्थी ATKT श्रेणी में आए. फिलहाल NEP व्यवस्था के तहत तीसरे वर्ष यानी पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई चल रही है.
पूर्व PRSU कुलपति प्रो. केशरी लाल वर्मा ने कहा कि स्कूल से कॉलेज में आने वाले विद्यार्थियों को नए माहौल के अनुरूप ढलने और पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए. उन्होंने परीक्षा आगे कराने की बात कही.
निजी महाविद्यालय प्राचार्य कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ. मेघेश तिवारी ने प्रवेश प्रक्रिया जल्दी शुरू करने का सुझाव दिया. संघ के सचिव डॉ. देवाशीष मुखर्जी के अनुसार, 12वीं के परिणाम मई में आने के बाद प्रवेश जून में शुरू किया जा सकता है, ताकि अगस्त तक प्रक्रिया पूरी हो.
