रायगढ़ जिले की पुसौर नगर पंचायत के आठ बीजेपी पार्षदों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा सौंप दिया है. पार्षदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली, कथित उत्पीड़न और अपने वार्डों में विकास कार्य नहीं होने को त्यागपत्र की वजह बताया है.
मामले पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राजनीति में अलग-अलग परिस्थितियों और कारणों से लोग इस्तीफा देते रहते हैं. उन्होंने इस घटनाक्रम को सामान्य राजनीतिक बात बताया.
किन पार्षदों ने सौंपा त्यागपत्र
त्यागपत्र रायगढ़ बीजेपी जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान को सौंपा गया. इसमें वार्ड 6 के पार्षद बलराम, वार्ड 14 के शौकीलाल चौहान, वार्ड 11 के रूपेश कुमार साव, वार्ड 1 के प्रदीप यादव, वार्ड 2 के फागूलाल प्रधान, वार्ड 3 की मंजू पटेल और वार्ड 7 के वरुण महाणा शामिल हैं. नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव ने भी इस्तीफा दिया है.
पार्षदों ने अपने पत्र में कहा कि शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से कथित उत्पीड़न तथा विकास कार्यों की कमी से वे परेशान हैं. उनके अनुसार, वार्डों में पानी, बिजली, सड़क, नाली और अन्य जनसुविधा से जुड़े काम नहीं हो रहे हैं. उन्होंने पार्षद निधि से जुड़े कार्यों के लंबित रहने का भी उल्लेख किया है.
मंत्री जायसवाल ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के खर्च पर उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि एक-एक दीए का जवाब दिया जाएगा और जनता 2028 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी.
कांग्रेस के सरगुजा की 14 विधानसभा सीटों पर वापसी के दावे पर जायसवाल ने कहा कि पार्टी सपने देख सकती है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरगुजा में लगातार तीसरी बार शून्य सीटों पर रहेगी.
