बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी जितेंद्र जायसवाल (34) को गिरफ्तार किया है. केसारी गांव निवासी जितेंद्र पर पुलिस ने स्थानीय स्तर पर मवेशियों की खरीद और सप्लाई में भूमिका होने का आरोप लगाया है.
16 सितंबर को 34 भैंस जब्त हुई थीं
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ लोग केसारी गांव से मवेशियों को पैदल उत्तर प्रदेश ले जा रहे हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में घेराबंदी की. पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश की.
कार्रवाई के दौरान केसारी निवासी दीपक सोनवानी (24) को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए. पुलिस ने मौके से 34 भैंस जब्त की थीं. इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई थी.
पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि विशेष टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी. इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर जितेंद्र जायसवाल को हिरासत में लिया गया. पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई तथा उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू की गई.
पुलिस के आरोप के अनुसार, जितेंद्र किसानों और ग्रामीणों से कम कीमत पर मवेशी खरीदकर उन्हें एक जगह इकट्ठा करता था. इसके बाद जंगल के रास्तों से मवेशियों को आगे पहुंचाने में उसकी भूमिका रहती थी. पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र के खिलाफ रघुनाथनगर थाने में मवेशी तस्करी से जुड़े तीन अन्य मामले दर्ज हैं. इनमें अपराध क्रमांक 26/2026, 127/2021 और 124/2025 शामिल हैं. इन मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
