लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि राहुल गांधी बस्तर संभाग में बोधघाट बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों और किसानों से मुलाकात कर सकते हैं.
दौरे की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कांग्रेस इस यात्रा के जरिए बोधघाट परियोजना से जुड़े विस्थापन, आदिवासी अधिकारों और स्थानीय लोगों की चिंताओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी कर रही है.
जल, जंगल और जमीन का मुद्दा
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ग्रामीणों के साथ खड़ी है और आदिवासियों के अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने आशंका जताई कि प्रस्तावित परियोजना से स्थानीय जनजातीय समुदाय की आजीविका और सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो सकती है.
बैज के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत हाल में बस्तर का दौरा कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से परियोजना को लेकर चर्चा की थी. अब राहुल गांधी प्रभावित ग्रामीणों और किसानों से सीधे बातचीत करेंगे.
बिजली और स्मार्ट मीटर पर सरकार पर आरोप
पत्रकार वार्ता में बैज ने छत्तीसगढ़ की बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली उत्पादन में सरप्लस होने के बावजूद राज्य को बाहर से बिजली खरीदनी पड़ रही है और अघोषित कटौती से शहरी तथा ग्रामीण उपभोक्ता परेशान हैं.
उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना को जनविरोधी बताते हुए अधिक बिल और तेज रीडिंग की शिकायतों का दावा किया. बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग के समर्थन में सहमति पत्र भरवा रहे हैं.
