छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के कुल ₹126.92 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया. सोमवार को पंजरी प्लांट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इन कार्यों की शुरुआत की. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को पूर्ण हो चुके आवासों की प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपी गईं.
अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ को विकसित जिला बनाने के लिए तेज गति से काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास कार्यों के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने पर भी ध्यान दिया जा रहा है. उनके अनुसार, नगर निगम ने करीब ₹10 करोड़ के अन्य विकास कार्यों की सूची भी दी है, जिनकी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है.
चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री ने शहर के लिए चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की. इनमें संजय मार्केट के निर्माण और उन्नयन के लिए ₹15.67 करोड़, रामलीला मैदान में विकास, मंच और पवेलियन निर्माण के लिए ₹5 करोड़, तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹4.99 करोड़ और केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाइजेशन कार्य के लिए ₹9.97 करोड़ शामिल हैं.
वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े. उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत ₹384.66 करोड़ के कार्यों की स्वीकृति मिली है. लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल समेत अन्य कार्यों के लिए ₹1,426 करोड़ की स्वीकृति का भी उल्लेख किया गया.
सड़क और शहरी सुविधाओं से जुड़े काम
नगर निगम के तहत 15वें वित्त आयोग से 28 सड़क, नाली और उद्यान संबंधी कार्यों के लिए ₹10.55 करोड़, केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव कैनाल लिंक रोड के लिए ₹25.63 करोड़ और वार्ड 42 में आईएसबीटी निर्माण के लिए ₹20.75 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन हुआ. टाउन हॉल में 20 लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी का ₹2.20 करोड़ की लागत से लोकार्पण किया गया. लोक निर्माण विभाग के चार कार्यों के लिए ₹67.80 करोड़ का भूमिपूजन भी हुआ.
चौधरी ने रायगढ़ रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होने और रायगढ़-घरघोड़ा व पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन परियोजनाओं में प्रगति की जानकारी दी.
