रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में 18 वर्षीय युवक से मारपीट और उसे जबरन कार में ले जाने के मामले में मुख्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सफेद रंग की ऑल्टो कार, मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया है. पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
पुलिस के मुताबिक, हंडी चौक निवासी निमिष अग्रवाल ने शिकायत में बताया कि 8 नवंबर की रात पटाखे फोड़ने की बात पर हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने उसे और उसके साथी को लेकर टिप्पणी की और गाली-गलौज की. विरोध करने पर हनी और अरुण ने निमिष के साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार किया.
शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद ऑल्टो कार से निमिष के घर पहुंचे. आरोप है कि वे घर में घुसे और मारपीट के दौरान अरुण ने जूते से निमिष के सिर पर वार किया. इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले जाया गया. वहां भी मारपीट करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, हनी अग्रवाल ने घटना का वीडियो बनाया और बाद में निमिष को हंडी चौक के पास छोड़ दिया गया.
पुलिस ने 12 नवंबर को दीप अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था. अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश की जा रही थी. पुलिस के दबाव के बीच अरुण शर्मा ने अदालत में सरेंडर किया. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
