छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग ने एक घर से बीजा प्रजाति की 11 नग चिरान लकड़ी जब्त की है. विभाग के अनुसार, ग्राम बरलिया में लकड़ी का अवैध रूप से चिरान किए जाने की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई. मामले में लवकुश साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
वन अमले को गुरुवार सुबह सूचना मिली थी कि लवकुश साहू के घर में चिरान लकड़ी रखी है. इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और सर्च वारंट की जानकारी देने के बाद घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक हिस्से में बीजा प्रजाति की लकड़ी का चिरान किया जा रहा था. वहां कुछ चिरान लकड़ी भी रखी मिली.
वन विभाग के मुताबिक, टीम ने लकड़ी से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई दस्तावेज पेश नहीं किया गया. इसके बाद मौके से 11 नग चिरान जब्त किए गए और आगे की विभागीय कार्रवाई शुरू की गई.
लकड़ी के स्रोत की जांच जारी
रायगढ़ वन परिक्षेत्र के रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि जब्त लकड़ी का नाप-जोख और मूल्यांकन किया जा रहा है. विभाग यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि लकड़ी किस जंगल से लाई गई थी. इस संबंध में हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ जारी है.
वन विभाग की जांच पूरी होने के बाद लकड़ी की मात्रा, अनुमानित मूल्य और आगे की कानूनी कार्रवाई से जुड़ी जानकारी स्पष्ट होगी.
