रायगढ़ में सोशल मीडिया रील बनाने के लिए सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंट करने के मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, युवकों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया.

मामला 9 नवंबर की रात का बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, पांचों युवक दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान वे चलती बाइक पर स्टंट कर रहे थे. पुलिस ने यह भी बताया कि सार्वजनिक सड़क पर कथित अशोभनीय हरकतों का वीडियो बनाया जा रहा था.

घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और इसकी जानकारी चक्रधरनगर थाना प्रभारी को दी. वीडियो के आधार पर पुलिस ने युवकों की पहचान की. थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया और सड़क पर इस तरह की गतिविधियों के खतरों के बारे में समझाइश दी.

पुलिस के अनुसार, इसके बाद पांचों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद युवकों को न्यायालय में पेश किया गया.

कार्रवाई में विद्याधर देवांगन, ऋतिक बरेठ, आशीष चौहान, आकाश शर्मा और मनीष शर्मा शामिल हैं. पुलिस ने कहा कि लाइक और व्यूज के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों और वाहन चलाने के तरीके पर नजर रखने की अपील की है.