छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी 28 वर्षीय युवक निर्मल धाकड़ को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चार बाइक और एक स्कूटी बरामद की गई हैं. इन वाहनों की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक, निर्मल 12 सितंबर को अपनी महिला मित्र से मिलने ग्वालियर से रायगढ़ आया था. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि शहर पहुंचने के बाद उसके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए. इसके बाद खर्च चलाने के लिए उसने दोपहिया वाहन चोरी करना शुरू कर दिया.

CCTV फुटेज से मिला सुराग

रायगढ़ में लगातार बाइक चोरी की घटनाओं के बाद कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले. पुलिस के अनुसार, पांच चोरी की घटनाओं में एक ही संदिग्ध युवक की मौजूदगी दिखाई दी. इसी दौरान 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि गौशाला के पास एक युवक बाइक चोरी का प्रयास कर रहा है.

टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध भागने लगा. पुलिस ने वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया. स्थानीय लोगों ने भी उसकी पहचान बाइक से छेड़छाड़ कर भागे युवक के रूप में की.

चाबी लगी गाड़ियों को बनाता था निशाना

पुलिस के अनुसार, आरोपी ऐसी बाइक और स्कूटी को निशाना बनाता था जिनमें चाबी लगी रह जाती थी. वाहन चोरी करने के बाद वह उससे शहर में घूमता था. पेट्रोल खत्म होने पर वाहन छोड़कर दूसरी चाबी लगी बाइक या स्कूटी की तलाश करता था.

पुलिस ने बरामद वाहनों को कोतवाली थाने में दर्ज पांच मामलों से जोड़ा है. इनमें अपराध क्रमांक 527/2026, 532/2026, 535/2026, 538/2026 और 540/2026 शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि इन मामलों का खुलासा हुआ है और वाहनों के संबंध में जांच आगे जारी है.

कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया. अदालत के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया.