रायगढ़ जिले में पुलिस ने बाइक चोरी के दो अलग-अलग मामलों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 बाइक और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं. बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 6.92 लाख रुपए बताई गई है.

पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में बीएस कंपनी कॉलोनी, तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने अपनी बजाज पल्सर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की शाम बाइक कमरे के सामने खड़ी की थी, लेकिन कुछ देर बाद वह वहां नहीं मिली. इसी दौरान एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर जंगल में मिली. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई.

पुलिस ने राजू चौहान (22), लक्की सिदार (19), राजेश श्रीवास (21), बीर सिंह उर्फ लाल सिंह (20), सूर्यदेव राम (18) और एक नाबालिग को पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने रात में बाइक चोरी कर उन्हें जंगल में पत्तियों से ढककर छिपाने की बात बताई. उनकी निशानदेही पर तराईमाल और उर्दना क्षेत्र से चोरी की नौ बाइक और दो मोबाइल बरामद किए गए. इन वाहनों की कीमत करीब 6.12 लाख रुपए बताई गई है.

बरामद वाहनों में बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG और टीवीएस विक्टर शामिल हैं. पुलिस ने मामले में BNS की धारा 112(2) भी जोड़ी है. पुलिस के अनुसार, राजू चौहान और राजेश श्रीवास के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज रहे हैं.

लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनिश यादव (22) और निलेश यादव (22) को गिरफ्तार किया. दोनों पर चोरी की पल्सर बेचने के लिए ग्राहक तलाशने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, बाइक के कुछ पार्ट्स बदलकर उसे मॉडिफाई किया गया था. करीब 80 हजार रुपए कीमत की पल्सर बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश जारी रहने की बात कही है.