रायगढ़ में 41वां अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह 14 सितंबर से शुरू होगा. राज्यपाल रमेन डेका रामलीला मैदान में समारोह का शुभारंभ करेंगे. आयोजन 23 सितंबर तक चलेगा और हर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शुरू होंगी.

समारोह की शुरुआत पद्मश्री सम्मानित डॉ. उषा बारले की प्रस्तुति से होगी. समापन कार्यक्रम में कविता कृष्णमूर्ति और इंडियन आइडल फेम जान कुमार सानू प्रस्तुति देंगे. आयोजन में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके कलाकार भी शामिल होंगे. स्थानीय कलाकारों को भी इन कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा.

तीजा और गणेश चतुर्थी का उत्साह

छत्तीसगढ़ में तीजा पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह है. सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना के लिए निर्जला व्रत रखा. महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर गौरी-शंकर की पूजा की. तीजा के अवसर पर बेटियों के मायके पहुंचने से घरों में मंगलगीत गूंज रहे हैं. मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बाजारों में पूजन सामग्री व श्रृंगार के सामान की खरीदारी बढ़ी है.

गणेश चतुर्थी पर प्रदेशभर में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. श्रद्धालु पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए गणेश पंडालों में पहुंच रहे हैं.

रायपुर में दो दिन मांस-मटन की बिक्री बंद

रायपुर नगर निगम सीमा में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी और 15 सितंबर को पर्युषण पर्व के अंतिम दिवस के कारण मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी. पशुवध गृह भी बंद रहेंगे. नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने संबंधित जोन अधिकारियों और अमले को आदेश के पालन की निगरानी के निर्देश दिए हैं.

इसके अलावा 22 सितंबर को डोल ग्यारस, 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी और 26 सितंबर को पर्युषण पर्व के संवत्सरी एवं उत्तम क्षमा अवसर पर भी निगम क्षेत्र में मांस-मटन विक्रय पर रोक रहेगी.