रायगढ़ में निवेशकों को साढ़े पांच साल में रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर पैसे जमा कराने वाली एडीवी आरोग्य धनवर्षा कंपनी के चार डायरेक्टरों को अदालत ने छह साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. विशेष न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार जैन की अदालत ने चारों पर कुल 60 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है. जुर्माना जमा नहीं करने पर प्रत्येक को तीन साल का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा.

दोषी ठहराए गए लोगों के नाम रघुवीर सिंह राठौर, जगदीश चंद्र व्यास, धर्मेंद्र सिंह सोनगरा और राजेंद्र सिंह सिसोदिया हैं. मामला रायगढ़ के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है.

आठ किश्तों में जमा किए थे 3.28 लाख रुपये

शिकायतकर्ता मिनकेतन पटेल ने 6 अगस्त 2019 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2013 में उन्हें बताया गया था कि कंपनी दूसरे बैंकों से अधिक ब्याज देगी और साढ़े पांच साल में निवेश की रकम दोगुनी कर देगी. इसके बाद उन्होंने इतवारी बाजार स्थित कंपनी के कार्यालय में आठ किश्तों में 3 लाख 28 हजार रुपये जमा किए. उनके गांव के करीब 15-16 अन्य लोगों ने भी कंपनी में लाखों रुपये निवेश किए थे.

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2017 में कंपनी का कार्यालय बंद हो गया और चारों डायरेक्टर वहां से चले गए. पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच की. दस्तावेजों की पड़ताल के बाद चारों को गिरफ्तार कर अदालत में अभियोग पत्र पेश किया गया.

अदालत ने सुनवाई में पाया कि निवेशकों से 30 नवंबर 2013 से 30 जून 2015 के बीच रकम जमा कराई गई थी और मैच्योरिटी अवधि पूरी होने से पहले कंपनी बंद कर दी गई. हालांकि, छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 23 जुलाई 2015 से लागू हुआ था, इसलिए अदालत ने उस कानून के तहत लगाए गए आरोपों से आरोपियों को बरी कर दिया. धोखाधड़ी के आरोप साबित होने पर उन्हें IPC की धाराओं 420 और 34 के तहत दोषी ठहराया गया.