छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक स्थित भुईयांपानी में आयोजित दीप महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पत्नी कौशल्या साय के साथ शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने अपने गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा और प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के सामने नमन किया और गुरु गद्दी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया.

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए शिव मंदिर में जलाभिषेक किया. इसके बाद उन्होंने हनुमान मंदिर, वटवृक्ष और मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की. साय ने कहा कि गुरुदेव के सान्निध्य से उन्हें सेवा, सादगी और समर्पण की सीख मिली है. उनके मुताबिक गुरु का आशीर्वाद ही उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है.

साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि सरकार के करीब तीन साल पूरे होने जा रहे हैं और गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा आदिवासी समाज के विकास के लिए काम किया जा रहा है.

विकास कार्यों का लोकार्पण और घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजना के तहत 7 लाख रुपये की लागत से बने सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण किया. ग्रामीणों की मांग पर भुईयांपानी के शिव मंदिर, गुरुमाता मंदिर, वटवृक्ष प्रांगण और हनुमान मंदिर में स्टील रेलिंग, स्टील जाली व टाइल्स लगाने की घोषणा की गई.

इसके अलावा सिरकीनारा में दो स्थानों पर सीसी रोड निर्माण और गांधी चौक में बोरवेल व पंप स्थापना की घोषणा भी की गई.