रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के बरतापाली इलाके में करंट लगने से एक नर हाथी की मौत हो गई. वन विभाग के अनुसार, खेत में जंगली सूअर के शिकार के लिए करंट प्रवाहित तार लगाया गया था. इसी तार की चपेट में आने से हाथी की जान गई.
हाथी का शव धरमजयगढ़ रेंज के ग्राम बरतापाली स्थित कक्ष क्रमांक 437 में मिला. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच में स्निफर-डॉग की भी मदद ली गई.
वन विभाग ने मामले में नयागांव निवासी अजय भगत (38), जयानंद भगत (37), भगवानों भगत (50) और रामदयाल (38) को हिरासत में लिया है. विभाग के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जंगली सूअर के शिकार के लिए करंट प्रवाहित तार लगाने की बात स्वीकार की.
वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की है. उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा. विभाग ने बताया कि मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है.
आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय की प्रक्रिया के बाद होगा.
