रायगढ़ जिले में कॉलोनी विकास से जुड़े पांच प्रकरणों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए निर्धारित भूमि व भू-खंडों के प्रावधानों की जांच शुरू की गई है. कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा ने संबंधित कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किए हैं.

नोटिस के अनुसार, संबंधित लोगों को 22 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय, रायगढ़ में आवश्यक दस्तावेज और जानकारी के साथ उपस्थित होना होगा. समय पर जानकारी नहीं देने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

इन स्थानों के प्रकरणों की जांच

जांच खैरपुर, पंडरीपानी पूर्व, बड़े अतरमुड़ा और जोरापाली में कॉलोनी विकास से जुड़े मामलों की हो रही है. खैरपुर में खसरा नंबर 606/1/1 समेत अन्य खसरों की कुल 7.259 हेक्टेयर भूमि से जुड़े मामले में कमल अग्रवाल रायगढ़ इस्पात एवं पॉवर प्राइवेट लिमिटेड, देलारी रायगढ़ को नोटिस दिया गया है.

पंडरीपानी पूर्व में खसरा नंबर 15000/1/1 और 15000/2/1 की कुल 2.848 हेक्टेयर भूमि से जुड़े प्रकरण में कुन्तिमा पटेल, शिरिष कुमार डनसेना, राजेश पटेल, गौतम प्रसाद पटेल, राहुल रोहड़ा, प्रमोद कुमार अग्रवाल और दीपक सिंघल को दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए गए हैं.

बड़े अतरमुड़ा में 19,240 वर्गमीटर भूमि के एक प्रकरण में शांति देवी देवांगन और मनीष देवांगन, जबकि 84,038 वर्गमीटर भूमि के दूसरे प्रकरण में ओमप्रकाश और शुभम शुक्ल को नोटिस जारी किए गए हैं. जोरापाली में खसरा नंबर 15000/1 की 2.238 हेक्टेयर भूमि से जुड़े मामले में राहुल रोहड़ा और नीरज अग्रवाल से जानकारी मांगी गई है.

मांगे गए दस्तावेज

प्रशासन ने कॉलोनाइजर लाइसेंस, भूमि व्यपवर्तन आदेश, नगर एवं ग्राम निवेश विभाग से स्वीकृत ले-आउट और विकास अनुज्ञा की प्रतियां मांगी हैं. एक एकड़ या उससे अधिक क्षेत्रफल वाली कॉलोनियों में EWS के लिए निर्धारित 15% भूमि सक्षम प्राधिकारी को हस्तांतरित किए जाने के दस्तावेज भी देने होंगे.

एक एकड़ से कम क्षेत्रफल वाली कॉलोनियों के लिए भूमि के मूल्य के बराबर राशि संबंधित खाते में जमा करने की रसीद मांगी गई है. इसके अलावा LIG के लिए सुरक्षित न्यूनतम 10% भू-खंडों की बिक्री, बंधक भू-खंडों को मुक्त कराने के आदेश, आंतरिक विकास के 2% पर्यवेक्षण शुल्क और बाह्य विकास के लिए 100 रुपये प्रति वर्गमीटर जमा कराने से जुड़े दस्तावेज भी जांच में शामिल हैं. कॉलोनी विकास पूरा होने की सूचना की प्रतियां भी प्रस्तुत करनी होंगी.