छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, मामले के तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है. घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई गई है.
हंडी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह दीपावली की रात करीब 11 बजे अपने दोस्त आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था. आरोप है कि वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर हनी और अरुण ने निमिश से मारपीट की. बीच-बचाव करने आए आकर्ष शर्मा के सिर पर भी कड़े से वार किए जाने का आरोप है.
शिकायत के मुताबिक, अगले दिन सुबह करीब 7 बजे अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से निमिश के घर पहुंचे. आरोप है कि चारों जबरन घर में घुसे और उसके साथ मारपीट की. इस दौरान अरुण ने जूते से निमिश के सिर पर वार किया और धमकी दी. इसके बाद उसे कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे सड़क पर ले जाने और वहां भी पीटने का आरोप है.
पुलिस के अनुसार, दीप और हनी ने कथित मारपीट का वीडियो भी बनाया. शिकायत के बाद जांच में पुलिस ने विकास नगर गली नंबर-3, कोतरारोड निवासी 26 वर्षीय दीप अग्रवाल को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसके कथित तौर पर घटना में शामिल होने और वीडियो बनाने की बात सामने आई. पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर उसे गिरफ्तार किया. अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है. अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश जारी है.
