रायगढ़ की विशेष अदालत ने करीब दो साल पुराने सामूहिक दुष्कर्म मामले में छह आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है. अदालत ने दो दोषियों को आजीवन कारावास और चार को 20-20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा दी. पीड़िता आदिवासी समुदाय से संबंधित है. उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है.
मामला 19 अगस्त 2024 का है. अभियोजन के अनुसार, महिला शाम करीब छह बजे मेला देखने के लिए घर से अकेली निकली थी. मुख्य मार्ग पर पहुंचने के दौरान गांव के कृष्णा उर्फ राहुल चौहान और उसके साथ मौजूद अन्य युवकों ने उसे घेर लिया. आरोप है कि जान से मारने की धमकी देकर उसे तालाब की ओर ले जाया गया, जहां कुछ और युवक पहुंच गए.
अभियोजन के मुताबिक, इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. कृष्णा चौहान और उसके एक साथी पर महिला को एक खंडहर मकान में ले जाकर दोबारा दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया गया. पीड़िता ने मौका मिलने पर गांव की कुछ महिलाओं और सरपंच को घटना की जानकारी दी. अगले दिन उसने पुसौर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस जांच के दौरान घटना में शामिल बताए गए एक नाबालिग की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. एक अन्य नाबालिग के खिलाफ किशोर न्यायालय में चालान पेश किया गया है, जहां उसके मामले में अलग फैसला होगा.
विशेष न्यायाधीश शोभना कोस्टा ने उत्तम मिर्धा और संचितानंद साहू उर्फ मुनू को आजीवन कारावास सुनाया. बबलू चौहान, राहुल खड़िया, कृष्णा चौहान उर्फ राहुल चौहान और नरेंद्र उर्फ छोटू सिदार को विभिन्न धाराओं में 20-20 वर्ष के कठोर कारावास से दंडित किया गया. अदालत ने पीड़िता के पुनर्वास के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रतिकर राशि निर्धारित करने के निर्देश भी दिए हैं.
