रायगढ़ जिले की तमनार रेंज में 49 हाथियों के दल के सड़क पर पहुंचने से रायगढ़-घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोकना पड़ा. वन विभाग ने हाथियों की सुरक्षा और राहगीरों को खतरे से बचाने के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोक दिया.
बुधवार शाम यह घटना सामारूमा और अमलीडीह के बीच हुई. हाथियों के दल में शामिल एक हाथी सड़क के बीचोंबीच बैठ गया, जबकि बाकी हाथी आसपास घूम रहे थे. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और स्थिति पर निगरानी शुरू की.
वन विभाग के अनुसार, हाथियों का दल पिछले 15 दिनों से अधिक समय से तमनार रेंज में दो अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहा है. पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से यह दल हर शाम सामारूमा मार्ग पर भी दिखाई दे रहा है. शाम करीब 5 बजे के बाद हाथी एक जंगल से दूसरे जंगल की ओर जाते हैं और इस दौरान सड़क पर पहुंच जाते हैं.
घरघोड़ा सबडिवीजन के एसडीओ आशुतोष मंडावा ने बताया कि हाथियों के सड़क पार करने की सूचना मिलते ही दोनों ओर से वाहनों को रोक दिया जाता है. बुधवार को हाथी कुछ देर बाद पूरे दल के साथ जंगल की ओर लौट गया, जिसके बाद मार्ग पर आवाजाही दोबारा शुरू की गई.
