रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, युवती 29 सितंबर की रात घर से बिना बताए चली गई थी और बाद में हसौद थाना क्षेत्र के झरप गांव में युवक के साथ मिली.
युवती की मां ने 30 सितंबर को भूपदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्य रात में खाना खाने के बाद सो गए थे. रात करीब 12:30 बजे युवती अपने बिस्तर पर नहीं मिली. परिजनों ने रात में आसपास और अगले दिन पड़ोसियों व रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं मिली.
पुलिस ने परिजनों और युवती की सहेलियों से पूछताछ की. जांच में युवती की मित्रता ग्राम नंदेली, थाना कोतरारोड़ निवासी 23 वर्षीय लाल कुमार विश्वकर्मा से होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुटी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम झरप गांव पहुंची, जहां युवती और युवक दोनों मिले. थाने में महिला पुलिस अधिकारी ने युवती का बयान दर्ज किया. बयान के आधार पर पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किए जाने के आरोप में BNS की धारा 69 जोड़ी. युवती की सहमति से उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
