रायगढ़ जिले में चक्रवात के प्रभाव से 27 से 29 अक्टूबर के बीच भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का जोर जनहानि रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है.
जिला और तहसील स्तर के आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रखने को कहा गया है. सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अलर्ट पर रहेंगे. बिना अनुमति कोई भी अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा. नगर निगम, पंचायत और राजस्व विभागों को जलभराव वाले इलाकों की पहचान करने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.
राहत शिविर तैयार रखने और बचाव दलों को नाव, लाइफ जैकेट समेत जरूरी उपकरणों के साथ तैनात रहने को कहा गया है. नदी, नालों और रपटों पर पानी बढ़ने की स्थिति में आवागमन रोकने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग को समन्वय से काम करना होगा. लोगों को भारी बारिश और आकाशीय बिजली से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
जल संसाधन विभाग बांधों और जलाशयों के जलस्तर पर लगातार नजर रखेगा. पानी छोड़ने की स्थिति में निचले इलाकों के लोगों को समय रहते सूचना दी जाएगी. बिजली विभाग को आपूर्ति बाधित होने पर शीघ्र बहाली के लिए अतिरिक्त टीमें रखने और स्वास्थ्य विभाग को दवाइयां, एंबुलेंस तथा मेडिकल टीम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं. लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
