रायगढ़ जिले के गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी इस्पात प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे लोहे में करीब 5 टन की हेराफेरी के मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत के दो लोहे के क्वायल बरामद किए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को प्लांट से रायपुर की पवन पुत्र ट्यूब्स कंपनी के लिए ट्रक में 38.900 टन लोहा लोड किया गया था. 11 सितंबर को ट्रक रायपुर पहुंचा. वहां धर्मकांटा पर वजन कराने पर करीब 5 टन माल कम मिला. इसके बाद ट्रक चालक मुरली साहू ट्रक छोड़कर फरार हो गया. चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय ने 22 सितंबर को मामले की शिकायत दर्ज कराई थी.

जांच में दस्तावेजों के इस्तेमाल का खुलासा

जांच के दौरान पुलिस ने 30 अक्टूबर को मुरली साहू को गेरवानी क्षेत्र से हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि मुरली ने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने (30), निवासी ग्राम देवरी, जिला रायपुर, को अपना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे. पुलिस ने मुरली को दस्तावेज उपलब्ध कराने और अपराध में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.

पुलिस के अनुसार, चेतन ने पूछताछ में बताया कि उसकी मुलाकात रायगढ़ में अजीत पेट्रोल पंप के पास हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष कुमार गुप्ता (25), निवासी बाईपास रोड दरोगामुड़ा, से हुई थी. दोनों ने कथित तौर पर बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से दो क्वायल उतारने और बाद में उन्हें बेचने की योजना बनाई थी.

पुलिस का दावा है कि 9 सितंबर को चेतन ने मुरली के लाइसेंस का इस्तेमाल कर ट्रक प्लांट से निकाला और रास्ते में दोनों क्वायल उतार दिए. बाद में संतोष ने उन्हें हरिओम गैरेज में छिपा दिया. चेतन की जानकारी के आधार पर पुलिस ने गैरेज में दबिश देकर संतोष को पकड़ा और दो क्वायल बरामद किए. संतोष और चेतन को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.