छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ से बीमारी ठीक करने तथा शादी में आ रही रुकावट दूर करने का झांसा देकर 40 वर्षीय महिला से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को कथित तौर पर बेहोशी की दवा मिला पानी पिलाया और उसकी बेहोशी की हालत में जबरदस्ती की. इसके बाद एक महिला साथी के साथ मिलकर अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपये लेने का भी आरोप है.
मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है. लैलूंगा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने 5 नवंबर को पुलिस में शिकायत दी. शिकायत के मुताबिक, मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी पहचान चंद्र कुमार जायसवाल (45) से हुई थी. उसे बताया गया था कि चंद्र कुमार हाथ देखकर भविष्य बताता है और झाड़-फूंक व दवाओं से बीमारी का इलाज करता है. महिला ने शरीर में दर्द और शादी न हो पाने की परेशानी बताई, जिसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और WhatsApp पर बातचीत होने लगी.
पूजा के बहाने किराए के मकान में बुलाने का आरोप
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 8 मार्च को चंद्र कुमार ने इलाज और पूजा-पाठ के बहाने महिला को रायगढ़ रोड स्थित किराए के मकान में बुलाया. वहां पहले से एक महिला मौजूद थी, जिसकी पहचान गायत्री महंत (39) के रूप में कराई गई. शिकायत के मुताबिक, गायत्री ने पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी और लड्डू मंगवाए और महिला को स्नान के बाद गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने को कहा.
आरोप है कि पूजा के दौरान चंद्र कुमार ने महिला को अभिमंत्रित जल बताकर पानी पिलाया. इसके कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई. महिला ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरदस्ती की. होश में आने पर विरोध करने पर आरोपी ने इसे शादी की रुकावट और शरीर की परेशानी दूर करने की प्रक्रिया बताने की कोशिश की.
पूजा और नौकरी के नाम पर रकम लेने का आरोप
शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूजा और हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए. बाद में वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का भरोसा देकर और रकम देने का दबाव बनाया गया. महिला का आरोप है कि अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपये लिए गए. शिकायत करने की बात कहने पर उसे डराने-धमकाने का भी आरोप है.
पुलिस के अनुसार, चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री पहले से संपर्क में थे और दोनों ने मिलकर महिला को झाड़-फूंक के बहाने अपने जाल में फंसाने की योजना बनाई थी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. मामले में आरोपों की आगे जांच जारी है. एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर अनजान लोगों के झांसे में नहीं आने तथा किसी भी शोषण या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.
