छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से गुजरने वाली मुंबई LTT एक्सप्रेस में एक महिला यात्री का हैंडबैग चोरी हो गया. बैग में ₹7 हजार नकद, करीब ₹42 हजार के जेवरात और पैन कार्ड, आधार कार्ड तथा वोटर आईडी सहित अन्य सामान रखा था.

झारखंड के जमशेदपुर स्थित साक्षी, काशीडीह की रहने वाली 48 वर्षीय संजू साहू टाटानगर रेलवे स्टेशन से दुर्ग के लिए ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा कर रही थीं. ट्रेन के सक्ती स्टेशन पहुंचने पर उन्हें अपने पास रखा लेडीज हैंडबैग नहीं मिला.

महिला यात्री ने कोच के आसपास बैग तलाशा और सहयात्रियों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका. दुर्ग पहुंचने के बाद उन्होंने GRP थाने में शिकायत दर्ज कराई.

दुर्ग से केस डायरी रायगढ़ GRP को भेजे जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(c) के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

रायगढ़ होकर गुजरने वाली ट्रेनों में चोरी के मामले

उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, मई-जून के दौरान रायगढ़ GRP में ट्रेनों में चोरी के करीब आठ मामले दर्ज हुए थे. इन मामलों में यात्रियों के बैग से नकद और जेवरात चोरी होने की बात सामने आई. रिपोर्ट में सक्ती से खरसिया के बीच के रेलखंड को ऐसी घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील बताया गया है.