छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 17 वर्षीय नाबालिग को कथित तौर पर ओडिशा ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान चक्रधर नगर निवासी मनीष सिदार उर्फ साहिल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
चक्रधर नगर थाने में 31 अगस्त को नाबालिग की मां ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, किशोरी 13 अगस्त की शाम घर से बिना बताए चली गई थी. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोरी आरोपी के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर में है. पुलिस टीम ने वहां दबिश दी, लेकिन आरोपी और किशोरी मोबाइल बंद कर मकान बदलकर फरार हो गए. इसके बाद 2 सितंबर को पुलिस ने हिमगीर के एक किराए के मकान से किशोरी को बरामद किया और रायगढ़ लाया. उस समय आरोपी मौके से फरार था.
पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस की पूछताछ और किशोरी के बयान के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 87 और 64(2)(ड) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गईं. किशोरी की काउंसलिंग बाल कल्याण समिति के माध्यम से कराई गई और न्यायालय में उसका बयान भी दर्ज कराया गया.
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह किशोरी को करीब चार साल से जानता था और दोनों की बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए होती थी. पुलिस का आरोप है कि उसने 14 अगस्त को अपना मोबाइल दोस्त के पास गिरवी रखकर 6 हजार रुपये लिए और एक्टिवा स्कूटी से किशोरी को हिमगीर ले गया. जांच के दौरान स्कूटी भी जब्त की गई.
