रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने किशोरी को शादी कर पत्नी की तरह रखने का वादा किया था.
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में किशोरी मवेशी चराने गांव के जंगल में गई थी. इसी दौरान पास के गांव के रहने वाले संजय यादव ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. आरोप है कि इसके बाद वह किशोरी को अपने साथ ले गया और करीब छह महीने तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा.
मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन शिकायत के मुताबिक वह नहीं माना. इसके बाद किशोरी की मां ने रविवार को लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(उ) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत केस दर्ज किया. जांच के दौरान किशोरी की उम्र की पुष्टि के लिए उसका जन्म प्रमाण पत्र जब्त किया गया और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक न्यायालय में पेश किया गया. अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया. मामले में आगे की जांच जारी है.
